
एमएस धोनी अगले 3 साल तक खेलते रहेंगे!
नई दिल्ली. एमएस धोनी (MS Dhoni) की भविष्य की योजनाएं क्या हैं? वो कब संन्यास लेंगे? क्या वो अब टीम इंडिया में वापसी कर पाएंगे? इस वक्त हर भारतीय क्रिकेट फैन इन सवालों का जवाब जानना चाहता है. हालांकि इस बारे में सिवाए धोनी के कोई नहीं जानता. वैसे धोनी पर एक बड़ी खबर सामने ये आ रही है कि उन्होंने अगले 3 सालों तक आईपीएल खेलने का फैसला किया है. एक वेबसाइट की रिपोर्ट की मानें तो एमएस धोनी आईपीएल में खेलना जारी रखेंगे, ये बात खुद उन्होंने अपने दोस्त को बताई है.
3 सालों तक IPL खेलेंगे धोनी!
एमएस धोनी (MS Dhoni) ने अपने करीबी दोस्तों को बताया है कि अगर उनका शरीर साथ देगा तो वो अगले तीन सालों तक आईपीएल खेलना जारी रखेंगे. बताया जा रहा है कि एमएस धोनी अपने खान-पान पर काफी ज्यादा ध्यान दे रहे हैं. वो लॉकडाउन के दौरान भी पौष्टिक आहार ले रहे हैं, वहीं उन्होंने अपना वर्कआउट जारी रखा हुआ है. बता दें हाल ही में सुरेश रैना ने भी खुलासा किया था कि एमएस धोनी की फिटनेस पहले से काफी अच्छी हो गई है. वो सुबह 2 घंटे जिम करते हैं.
सुरेश रैना ने बताया था, ' मैंने धोनी की बैटिंग देखी, वो पहले से ज्यादा बेहतर हो गए हैं. उनके अंदर अभी काफी क्रिकेट बचा है. मैंने धोनी को चेन्नई में नए शॉट की प्रैक्टिस करते देखा था और उनके छक्के और ज्यादा दूर जा रहे हैं.' रैना ने आगे बताया कि धोनी की विकेट के बीच दौड़ और ज्यादा तेज हो गई है.
चेन्नई से धोनी को प्यार
धोनी (MS Dhoni) के करीबी सूत्रों ने जानकारी दी, 'एमएस धोनी को चेन्नई के लिए खेलना बेहद पसंद है और वो अगले तीन सालों तक टीम से जुड़े रहना चाहते हैं.' बता दें आईपीएल 2020 स्थगित होने के बाद इसे धोनी के लिए बड़ा झटका बताया जा रहा था हालांकि इस रिपोर्ट को पढ़कर धोनी के फैंस को काफी खुशी होने वाली है.
झारखंड क्रिकेट के लिए काम करना चाहते हैं धोनी
रिपोर्ट के मुताबिक एमएस धोनी झारखंड में क्रिकेट के लिए काम करना चाहते हैं. हालांकि वो इसके लिए थोड़ा समय लेना चाहते हैं ताकि वो सही योजना बना सकें. वैसे धोनी जल्दबाजी में कोई काम नहीं करते वो आखिर तक इंतजार करते हैं और फिर अपना मास्टरस्ट्रोक खेलते हैं.
0 Comments