
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए केंद्र सरकार ने पूरे देश में लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ाने का फैसला किया है। इसके बाद केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दुविधा भी बढ़ गई है। इससे पहले 21 दिन के लॉकडाउन का असर बोर्ड परीक्षाओं पर पड़ा है। CBSE के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक बोर्ड परीक्षाएं और परिणाम जारी करने को लेकर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। 3 मई तक स्थितियों के सुधरने का इंतजार किया जाएगा। अगर इसके बाद भी हालातों में सुधार नहीं होता तो CBSE 3 मई के बाद 12वीं की परीक्षाओं, मूल्यांकन और परिणामों को जारी करने को लेकर निर्णय लेगा। उन्होंने बताया कि बच्चों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। CBSE परीक्षा आयोजित कराने के दस दिन पहले हर तरह की जानकारी साझा करेगा।
ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करेगा जेएनयू
इस बीच, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की तरफ से ऑनलाइन शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। मौजूदा समय में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन की अवधि तीन मई तक बढ़ा दी है। ऐसे में अब विश्वविद्यालय की तरफ से यह भी व्यवस्था तैयार करने पर काम शुरू हो चुका है कि जेएनयू के मौजूदा सेमेस्टर (जनवरी से जून) की अकादमिक प्रकिया को ऑनलाइन माध्यम से पूरा किया जाए। वहीं, जेएनयू प्रशासन की तरफ से 18 और 19 अप्रैल को ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए शिक्षकों के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें शिक्षकों से कई ऑनलाइन विकल्पों के जरिये पढ़ाने के लिए जानकारी दी जाएगी।
0 Comments