
इशांत शर्मा आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स टीम के लिए खेलते हैं.
नई दिल्ली. इशांत शर्मा (Ishant Sharma) आज भारतीय तेज गेंदबाजी का अहम हिस्सा हैं. 12 साल पहले उन्होंने 2007 में अपने करियर की शुरुआत की थी. 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में पहला टेस्ट मैच खेला. इसके बाद साल 2007 में ही इशांत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला वनडे खेला था. एक साल बाद इस तेज गेंदबाज़ ने टी-20 में भी डेब्यू किया. इस दौरान इशांत का ध्यान केवल अपने करियर पर था. हालांकि साल 2011 में उन्हें पहली ही नजर में प्यार हो गया. वो लड़की जो न सिर्फ क्रिकेटर्स को नापसंद करती थी बल्कि जलती भी थी. हालांकि छह साल बाद यही लड़की इशांत की जीवन साथी बनी.
बास्केटबॉल टूर्नामेंट में हुई पहली मुलाकात
इशांत शर्मा और प्रतिमा सिंह (Pratima Singh) पहली बार 2011 में एक दूसरे से मिले थे जब इशांत को दिल्ली के IGMA बास्केटबॉल एसोसिएशन लीग के लिए चीफ गेस्ट के रूप में आमंत्रित किया गया था. इस टूर्नामेंट का आयोजन इशांत के एक दोस्त ने किया था. यहां प्रतिमा और उनकी तीनों बहनें मौजूद थी. बहुत कम लोगों को मालूम है कि इशांत की पत्नी प्रतिमा (Pratima) भारत के लिए बास्केटबॉल खेल चुकी हैं. पहली मुलाकात के समय खुद इशांत इस बात से अनजान थे.
पहली ही नजर में हो गया था प्रतिमा से प्यार
इशांत को पहली नजर में प्रतिमा पसंद आ गई थी. प्रतिमा को चोट लगी थी इसलिए वह मैच खेल नहीं रही थी बल्कि स्कोरर थी. जहां इशांत प्रतिमा को देखते ही खो गए थे वहीं इसके उलट प्रतिमा को बहुत जलन महसूस हो रही थी क्योंकि इशांत के आने से वहां कोई बास्केटबॉल में दिलचस्पी नहीं दिखा रहा था. वह इसी कारण क्रिकेटर्स को पसंद नहीं करती थी.
इसके बाद इशांत प्रतिमा को देखने टूर्नामेंट के सभी दिन वहां जाने लगे. उनके दोस्त उनके दिल की बात समझ गए. इसके बाद धीरे-धीरे इशांत ने प्रतिमा के साथ दोस्ती की शुरुआत की और एक साल बाद अपने दिल की बात कही. प्रतिमा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि इशांत का नेचर मुझे पहली मुलाकात में ही अच्छा लगा. उन्होंने पहली मुलाकात के बाद मेरा पूरा मैच देखा था. वहीं से हमारी दोस्ती शुरू हुई.
ऑस्ट्रेलिया दौरे से वापस आकर कही दिल की बात
इशांत ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जा रहे थे जब उन्होंने प्रतिमा से कहा कि वह वहां से वापस आकर अपने दिल की बात प्रतिमा से कहेंगे. तब तक प्रतिमा को इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि इशांत उन्हें पसंद करते हैं. हालांकि उनकी बहने उन्हें कहती रहती थीं कि इशांत उन्हें पसंद करते हैं. ऑस्ट्रेलिया दौरे से वापस आने के बाद इशांत ने प्रतिमा को दिल की बात बताई तो वह हैरान रह गईं. हालांकि उन्होंने इशांत का दिल नहीं तोड़ा और दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया. दोनों ने पांच साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद नौ दिसंबर 2016 को शादी की.
इशांत का कहना है कि क्योंकि प्रतिमा भी खेल जुड़ी हैं इस कारण वह उन्हें अच्छे समझ पाती हैं. वह जानती हैं कि इशांत कब दबाव में हैं कब उन्हें किस चीज की जरूरत है. दोनों जिम से लेकर ट्रेनिंग साथ में करते हैं. जिस तरह प्रतिमा इशांत का साथ देती हैं वह भी उनके खेल को पूरा सम्मान देते हैं. प्रतिमा इशांत के कारण अब क्रिकेट देखने लगी हैं.
0 Comments