आरोग्य सेतु एप के बिना नहीं होगी जमीन की रजिस्ट्री


लॉकडाउन-2 में आम लोगों को राहत देने के लिए शासन ने जमीन की रजिस्ट्री तो शुरू का दी है लेकिन कुछ शर्तों का पालन आम नागरिकों को करना ही होगा। जमीन के रजिस्ट्रेशन के लिए सबसे महत्वपूर्ण शर्त है कि मोबाइल में आयोग्य सेतु एप डाउनलोड होना चाहिए। अगर आपके मोबाइल में एप नहीं है तो फिर आप रजिस्ट्री नहीं करा सकेंगे। अब रजिस्ट्री के लिए ई स्टांप लेना अनिवार्य होगा। सभी शर्तों के पालन के लिए बाकायदा शासन की ओर से निर्देश दिए जा चुके हैं। रजिस्ट्री के लिए ई स्टांप लेना होगा। ई स्टांप लेने के बाद ऑनलाइन रजिस्ट्री का पैसा खाते से ट्रांसफर होगा जिसके बाद एक ई पास जारी होगा। यह पास ई स्टांप लेने वाले के मोबाइल पर आ जाएगा। इसके बाद सब रजिस्ट्रार की ओर से तारीख व समय दिया जाएगा। निर्धारित तारीख और समय पर जमीन के रजिस्ट्रेशन के लिए कार्यालय जाना होगा। स्थिति सामान्य होने तक नकल और मुआयना नहीं किया जाएगा। सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए दफ्तर के बाहर एक मीटर की दूरी पर गोला बनाया जाएगा। एक समय में दो लोगों को ही रजिस्ट्रार के दफ्तर में प्रवेश दिया जाएगा। पहले क्रेता और विक्रेता, इसके बाद दो गवाह और फिर वकील को प्रवेश दिया जाएगा। मशीन का सेनिटाइजेशन किया जाएगा। यह सब रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी होगी।

ये दस्तावेज होंगे जरूरी

रजिस्ट्री के लिए क्रेता और विक्रेता व गवाहों के प्रमाणपत्र की मूलप्रति व छायाप्रति अनिवार्य होगी। एडीएम फाइनेंस एमपी सिंह ने बताया कि शासन से इसका निर्देश मिला है। कोरोना वायरस को देखते हुए आरोग्य सेतु एप को अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही गाइड लाइन जारी की गई है। अब लोग जमीन की रजिस्ट्री करा सकते हैं।