
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 दिन के लॉकडाउन के आखिरी दिन मंगलवार को देश के नाम संबोधन में 3 मई तक लॉकडाउन जारी रखने का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि कल यानी 15 अप्रैल को सरकार लॉकडाउन को लेकर नई गाइडलाइन जारी करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार लॉकडाउन का पालन और कठोर तरीके से किया जाएगा। जिन इलाकों में कोरोना संक्रमण के केस नहीं मिलेंगे वहां 20 अप्रैल से कुछ शर्तों के साथ छूट दी जाएगी। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि छूट के बाद पहला केस मिलते ही फिर से उस इलाके में पूर्ण रूप से लॉकडाउन कर दिया जाएगा।
इसके अलावा PM मोदी इन 7 बातों में देशवासियों का साथ भी मांगा-
1. अपने बुजुर्गों का खास ख्याल रखें। जिन्हें पुरानी बीमारी हो। उनकी हमें एक्स्ट्रा देखभाल करनी है।
2. लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग की लक्ष्मण रेखा का पालन करें। घर में बने फेसकवर, मास्क का इस्तेमाल करें।
3. इम्युनिटी बढ़ाने के लिए आयुष मंत्रालय के निर्देशों का पालन करें। काढ़ा व गर्म पानी लें।
4. कोरोना संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए आरोग्य सेतु ऐप को जरूर डाउनलोड करें। दूसरों को भी प्रेरित करें।
5. जितना हो सकें गरीबों की देखरेख व भोजन की व्यवस्था करें।
6. अपने बिजनेस व उद्योग में काम करने वालों के प्रति संवेदना रखें। नौकरी से न निकालें।
7. कोरोना योद्धाओं- डॉक्टर, नर्स, पुलिस व सफाई वालों का आदर सम्मान करें।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 10,363 हो गए हैं। इनमें 8988 एक्टिव केस हैं और 1035 मरीज इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। मृतकों का आंकड़ा 339 हुआ। आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 1211 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 31 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स में कोरोना मरीजों की संख्या 10,453 है और मृतकों की संख्या 358 बतायी गई है।
0 Comments