
कोरोना वायरस को लेकर टोक्यो ओलंपिक एक साल के लिए स्थगित कर दिया है। भारतीय हॉकी टीम तैयारी के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। भारतीय हॉकी टीम का ओलंपिक में गोल्ड जीतने पर फोकस किया हुआ है। इसके लिए सभी खिलाड़ी बेहतर तैयारी में जुटे हैं। ये कहना भारतीय हॉकी टीम की उपकप्तान व गोलकीपर सविता पूनियां का। बेंगलुरू कैंप से लौटी सविता पूनियां ने दैनिक जागरण संवाददाता से टोक्यो ओलंपिक को लेकर बातचीत के दौरान कही।
फिटनेस पर दे रहे हैं ध्यान
उपकप्तान सविता पूनियां ने बताया कि बेंगलुरू में भारतीय टीम ओलंपिक को लेकर तैयारी कर रही थी। कोरोना वायरस को लेकर सभी खिलाड़ी व्यक्तिगत तौर पर तैयारी कर रहे थे। इसके लिए खिलाड़ी सुबह व शाम को तैयारी कर रहे हैं। सभी खिलाड़ी अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं। भारतीय टीम के खिलाडिय़ों ने ओलंपिक स्थगित होने पर एक माह का ब्रेक लिया है। इस दौरान सभी खिलाड़ी अपने घर पर अभ्यास करेंगे। खेल कोच सभी खिलाडिय़ों को ऑनलाइन अभ्यास के लिए टिप्स भेजते रहेंगे। जिसके लिए भारतीय हॉकी टीम का ग्रुप बनाया हुआ है।
चीन को हराने के बाद जोश में रही टीम
उपकप्तान सविता पूनियां ने बताया कि पिछले सालों में भारतीय टीम अच्छा खेल रही है। 6 नवंबर 2017 को चीन के खिलाफ एशिया कप हॉकी के फाइनल में जीत हासिल होने के बाद भारतीय हॉकी टीम में काफी जोश आया है। कोरोना को लेकर सभी देशों के खिलाड़ी टीम के साथ अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। एक माह के बाद फिर से बेंगलुरू में कैंप शुरू हो जाएगा। वहीं दूसरे देशों के साथ मैच भी संभावित मैच भी होने है। इससे टीम को मजबूती मिलेगी।
दूसरा ओलंपिक खेलेगी सविता
गांव जोधंका निवासी महेंद्र की बेटी सविता पूनियां अभी तक 205 अंतराष्ट्रीय मैच खेल चुकी है। इससे भारतीय हॉकी टीम को लंबे अनुभव का फायदा मिलेगा। इसी के साथ सविता रियो में हुए ओलंपिक में भी अच्छा प्रदर्शन कर चुकी है। सविता पूनियां की उपलब्धि को देखते हुए वर्ष 2018 में अर्जुन अवार्ड मिल चुका है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सविता पूनियां को जिला की ब्रांड एंबेस्डर भी चुना गया है। जिससे सविता दूसरी बेटियां के लिए प्रेरणा स्रोत बनी हुई है।
0 Comments